- 466 उत्कृष्ट पशुपालकों के खातों में पहुंचे 2 करोड़ 95 लाख रुपये
- 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये जारी
- मुख्यमंत्री बोले- गौ-माता के रोम-रोम से निकलती है हमारे लिए दुआ
Cow Protection मध्य प्रदेश में गौ-संरक्षण और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार एक बड़ा प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है। इसके तहत प्रदेश में हर साल गौवंश के एक लाख भ्रूण तैयार किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 नवंबर को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए 50 एकड़ भूमि पर विशेष प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत चयनित 466 विजयी पशुपालकों को कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपये की पुरस्कार राशि हस्तांतरित की। साथ ही प्रदेश की पंजीकृत 3 हजार गोशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये की अनुदान राशि जारी की।
50 एकड़ में बनेगा गौवंश भ्रूण तैयार करने का प्रोजेक्ट
Cow Protection मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौ-संरक्षण और पशुपालन को नई दिशा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में हर साल एक लाख गौवंश के भ्रूण तैयार करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए 50 एकड़ में विशेष परियोजना विकसित की जाएगी। समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पशुपालन से जुड़े उत्पादों, नवाचारों तथा गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को पुरस्कार राशि और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया।
डॉ. यादव ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब पांच हजार साल पहले श्रीकृष्ण ने अपने कार्यों और संदेशों से मानवता को प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीने की प्रेरणा दी। कालिया मर्दन के माध्यम से उन्होंने जल पर सभी के अधिकार का संदेश दिया, जबकि गोवर्धन पर्वत उठाकर यह बताया कि प्रकृति, वन और समूचे चराचर जगत पर सबका अधिकार है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार को तोड़कर सामूहिक शक्ति और जनकल्याण का महत्व समझाया।
प्राकृतिक खेती और ग्रामीण संस्कृति में गौ-माता की अहम भूमिका
Cow Protection मुख्यमंत्री ने कहा कि आज एक बार फिर प्राकृतिक खेती की आवश्यकता महसूस की जा रही है। खेती में रासायनिक पदार्थों के अत्यधिक इस्तेमाल से बीमारियों का खतरा बढ़ता है। ऐसे में समाज फिर प्राकृतिक खेती की ओर लौट रहा है और इस व्यवस्था में गौ-माता की महत्वपूर्ण भूमिका है। गौपालन खेती-किसानी के साथ मनुष्य का प्रकृति से संबंध मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गौ-माता के रोम-रोम से हमारे लिए दुआ निकलती है और वह अपने ममत्व से सभी को जोड़ती है। भगवान श्रीकृष्ण ने दूध और मक्खन से प्राप्त शक्ति के बल पर कंस का वध किया और गांव की संस्कृति को सम्मान दिया। मयूर पंख धारण कर उन्होंने पर्यावरण और ग्रामीण जीवन के महत्व को भी सामने रखा।
डॉ. यादव ने कहा कि गौपालन केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि प्रकृति और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम भी है। गौ-माता के गले में बजने वाली घंटी जीवन के आने-जाने के क्रम का एहसास कराती है। हमें जीवन में मिले समय का सदुपयोग करना चाहिए और केवल अपने लिए नहीं, बल्कि सभी के लिए जीना सीखना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में गौ-पालन को प्रोत्साहित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।


