रिपोर्ट – प्रेमपाल सिंह
Firozabad Fire Accident उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक कॉस्मेटिक गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। थाना दक्षिण क्षेत्र के घनी आबादी वाले कटरा सुनारन इलाके में स्थित अनमोल कॉस्मेटिक के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम की दूसरी तथा तीसरी मंजिल तक ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंचीं आग की लपटें
Firozabad Fire Accident जानकारी के मुताबिक, गोदाम में अचानक आग लगने के बाद तेजी से धुआं और लपटें उठने लगीं। गोदाम में रखे कॉस्मेटिक उत्पादों के कारण आग ने जल्द ही भीषण रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। आग की लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के कारण स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई।
संकरी गलियों ने बढ़ाई दमकल कर्मियों की मुश्किलें
Firozabad Fire Accident सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन इलाके की संकरी गलियों के कारण वाहन गोदाम तक नहीं पहुंच पाए। इसके बाद दमकल कर्मियों ने दूर खड़े होकर पाइप के जरिए पानी पहुंचाया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने के लिए गोदाम की दीवार तक तोड़नी पड़ी। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
लाखों का नुकसान, आग लगने के कारणों की जांच जारी
Firozabad Fire Accident इस अग्निकांड में गोदाम में रखा लाखों रुपये का कॉस्मेटिक सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं। आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।


