BY: Yoganand Shrivastva
Lucknow Agra Expressway Accident उत्तर प्रदेश के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी बस, 50 से 60 यात्री थे सवार
Lucknow Agra Expressway Accident प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर पहले टोल प्लाजा के पास हुआ। बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। इसमें लगभग 50 से 60 यात्री सवार थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे से 6:30 बजे के बीच बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
लोकबंधु अस्पताल और KGMU में भर्ती कराए गए घायल
Lucknow Agra Expressway Accident उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सभी मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि हादसे में घायल तीन यात्रियों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया। इनमें दो लोगों की मौत लोकबंधु अस्पताल और एक की मौत किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में हुई। कुल 31 घायलों को लोकबंधु अस्पताल और 13 अन्य घायलों को KGMU के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
डिप्टी सीएम ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
Lucknow Agra Expressway Accident लखनऊ में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।


