BY: Yoganand Shrivastva
Therapy Cat at School अमेरिका के रोड आइलैंड स्थित एक मिडिल स्कूल में बच्चों का तनाव और घबराहट कम करने के लिए एक बिल्ली को आधिकारिक तौर पर ‘थेरेपी कैट’ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साढ़े तीन साल के पाइनकोन नाम के इस बिल्ले को स्कूल की आर्ट टीचर कैली स्मिथ सप्ताह में तीन दिन अपने साथ लेकर आती हैं। स्कूल में उसकी मौजूदगी बच्चों के लिए सुकून और खुशी का जरिया बन गई है।
परीक्षा पास करने के बाद स्कूल आने की मिली अनुमति
Therapy Cat at School पीपल मैगजीन की रिपोर्ट के मुताबिक, कैली स्मिथ ने सितंबर 2025 में स्कूल प्रशासन से पाइनकोन को स्कूल लाने की अनुमति मांगी थी। शोर-शराबे और भीड़ के बीच शांत रहने की परीक्षा पास करने के बाद जनवरी 2026 में उसे स्कूल आने की मंजूरी मिल गई। पाइनकोन ज्यादातर समय आर्ट रूम में बिताता है। कक्षाओं के बीच मिलने वाले समय में वह गलियारों में घूमता और बच्चों के लॉकर सूंघता दिखाई देता है। बच्चे उसकी इस आदत को मजाक में सुरक्षा ड्यूटी कहते हैं।
बच्चों को देता है भावनात्मक सहारा, स्कूल में बना लोकप्रिय
Therapy Cat at School कैली स्मिथ के मुताबिक, पाइनकोन का उद्देश्य बच्चों को भावनात्मक सहारा देना और स्कूल का माहौल बेहतर बनाना है। जिन बच्चों का दिन अच्छा नहीं गुजर रहा होता या जो तनाव महसूस करते हैं, वे उसे सहलाने और उसके साथ कुछ समय बिताने के लिए आर्ट रूम में आ जाते हैं। स्मिथ का कहना है कि पाइनकोन का व्यवहार ऐसा है, मानो वह भी उसी स्कूल में काम करता हो।
स्मिथ ने बताया कि पाइनकोन आर्ट रूम के दरवाजे पर लोगों का स्वागत करता है और गलियारे में ऐसे घूमता है, जैसे पूरे परिसर पर नजर रख रहा हो। हालांकि, जब वह बच्चों के बीच नहीं होता, तो अक्सर झपकी लेता नजर आता है।
स्कूल प्रशासन के अनुसार, पाइनकोन की मौजूदगी से बच्चों को तनाव के समय शांत होने में मदद मिलती है। उसके साथ समय बिताकर बच्चे जानवरों के प्रति सहानुभूति रखना और दूसरों की व्यक्तिगत सीमाओं का सम्मान करना भी सीख रहे हैं। अपने शांत स्वभाव और बच्चों के साथ जुड़ाव के कारण पाइनकोन अब स्कूल का लोकप्रिय हिस्सा बन चुका है।


