BY: Yoganand Shrivastva
Rajasthan Sarpanch Marriage Promise राजस्थान के झुंझुनूं जिले के झाझड़ गांव में सरपंच पद की उम्मीदवार अनीता सैनी अपने अनोखे चुनावी वादे को लेकर चर्चा में हैं। जहां आमतौर पर चुनाव के दौरान प्रत्याशी सड़क, पानी, बिजली और विकास की बात करते हैं, वहीं अनीता सैनी ने गांव के कुंवारे युवाओं की शादी करवाने में मदद करने का वादा किया है। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
सरपंच बनीं तो दूसरे गांवों में भी तलाशेंगी दुल्हन
Rajasthan Sarpanch Marriage Promise वायरल वीडियो में अनीता सैनी कहती नजर आ रही हैं कि यदि वह सरपंच बनती हैं और गांव के किसी कुंवारे युवक की शादी नहीं हो पा रही है, तो वह उसकी शादी करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी। जरूरत पड़ने पर दूसरे गांवों में जाकर भी दुल्हन तलाशने में मदद करने की बात उन्होंने कही है। उनके इस वादे ने गांव के चुनावी माहौल में एक अलग ही चर्चा शुरू कर दी है।
बारात के लिए ट्रेन लगवाने की भी कही बात
Rajasthan Sarpanch Marriage Promise अनीता सैनी ने अपने वादे में बारात ले जाने के लिए ट्रेन की व्यवस्था करवाने का प्रयास करने की बात भी कही। उनके इस बयान ने लोगों का ध्यान खींचा है। जहां अन्य प्रत्याशी विकास कार्यों के वादों के जरिए मतदाताओं को आकर्षित करने में जुटे हैं, वहीं अनीता सैनी ने कुंवारे युवाओं की शादी को अपने चुनावी एजेंडे का खास हिस्सा बनाया है।
सोशल मीडिया पर लोग ले रहे मजे
Rajasthan Sarpanch Marriage Promise अनीता सैनी के इस अनोखे वादे पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि अगर झाझड़ गांव में कुंवारों की शादी की गारंटी मिल रही है, तो शादी के इच्छुक युवाओं को वहीं बस जाना चाहिए। लोगों की ये टिप्पणियां भी इस मामले को चर्चा में बनाए हुए हैं। फिलहाल, सरपंच प्रत्याशी का यह बयान गांव की चुनावी चर्चाओं से निकलकर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।


