MP Intern Doctors Protest : इंटर्न डॉक्टर्स पर वाटर कैनन, जांच के दिए आदेश,इंटर्न डॉक्टर्स पूछ रहे, स्टाइपेंड में इतना अंतर क्यों ?
MP Intern Doctors Protest : मध्य प्रदेश में इंटर्न डॉक्टर्स का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर भोपाल में दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी है। वे मौजूदा स्टाइपेंड 14,337 रुपए को बढ़ाकर 30 हजार रुपए करने की मांग कर रहे हैं। आंदोलन के चलते प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में OPD सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। हालांकि, इमरजेंसी सेवाएं जारी हैं। भोपाल में इंटर्न डॉक्टर रातभर कमला पार्क की सड़क पर बैठे रहे। हमीदिया अस्पताल में ओपीडी पूरी तरह बंद रही। बड़ी संख्या में मरीज परेशान हुए। स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से बात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के लौटने पर स्टाइपेंड बढ़ाने पर चर्चा की बात कही है।
MP Intern Doctors Protest : इस पर इंटर्न डॉक्टर्स ने कहा कि स्टाइपेंड बढ़ाने का लिखित आदेश मिलने और पुलिस एक्शन के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च के दौरान पुलिस के वॉटर कैनन और बल प्रयोग के बाद डॉक्टरों का आक्रोश और बढ़ गया है। डॉक्टर्स ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया है। इस पर पुलिस ने कहा कि धक्कामुक्की के बाद वाटर कैनन चलाया गया। हालांकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वाटर कैनन मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। बहरहाल अब इंटर्न डॉक्टर्स की मांग पर मुख्यमंत्री के आने के बाद फैसला लिया जाएगा, लेकिन कांग्रेस का कहना है कि इंटर्न डॉक्टर्स की मांग जायजा है उसको पूरी करने की बजाय उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।


