Madhya Pradesh UAE Investment : दुबई में निवेशकों से CM मोहन यादव की वन-टू-वन बैठक
Madhya Pradesh UAE Investment : मध्यप्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ाने के लिए राज्य सरकार वैश्विक निवेशकों के साथ लगातार संपर्क बढ़ा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में आयोजित AIM Congress-2026 के तीसरे दिन 8 सितंबर को यूएई के प्रमुख निवेशकों और उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं।बैठकों में ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, ई-मोबिलिटी, शिक्षा, हेल्थकेयर और रिटेल सहित कई क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों को वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में शामिल होने का न्योता भी दिया।
Madhya Pradesh UAE Investment : बेहतर कनेक्टिविटी को बताया मध्यप्रदेश की ताकत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों के सामने मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति और कनेक्टिविटी को प्रमुख ताकत के रूप में रखा। उन्होंने कहा कि देश के मध्य में स्थित होने के कारण मध्यप्रदेश सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़ा हुआ है।सरकार के मुताबिक प्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक अधोसंरचना, पर्याप्त ऊर्जा, भूमि और कुशल मानव संसाधन निवेश के लिए अनुकूल आधार तैयार करते हैं। बेहतर लॉजिस्टिक्स व्यवस्था के जरिए मध्यप्रदेश के कृषि और औद्योगिक उत्पादों को देश के साथ-साथ वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी जोर दिया जा रहा है।
Madhya Pradesh UAE Investment : एनर्जी और टेक्नोलॉजी में नए निवेश की तैयारी
मुख्यमंत्री ने क्रेसेंट एंटरप्राइजेज के सीईओ बद्र जाफर के साथ बैठक में वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और प्रदेश के प्रमुख उत्पादन क्लस्टर्स से जुड़ी संभावनाओं पर चर्चा की।इस दौरान तकनीक आधारित उद्यमिता और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नवाचार पर भी बातचीत हुई। बद्र जाफर ने शहरी अधोसंरचना, सूचना प्रौद्योगिकी, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर से जुड़े क्षेत्रों में दीर्घकालिक निवेश में रुचि दिखाई।
Madhya Pradesh UAE Investment : पोवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स हब को मिलेगा बड़ा फोकस
डीपी वर्ल्ड के सीईओ रिजवान सूमार के साथ बैठक में लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। डीपी वर्ल्ड की मध्यप्रदेश में पहले से मौजूद गतिविधियों को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।मुख्यमंत्री ने पोवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कंपोजिट हब को अंतरदेशीय लॉजिस्टिक्स के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने की संभावना बताई। इसके जरिए औद्योगिक और कृषि क्लस्टर्स को मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कोल्ड-चेन जैसी सुविधाओं से जोड़ने की योजना पर चर्चा हुई।
Madhya Pradesh UAE Investment : किसानों और MSME को मिलेगा वैश्विक बाजार का फायदा
सरकार का मानना है कि मजबूत लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन नेटवर्क से किसानों, FPO, MSME और उद्योगों को सीधा लाभ मिल सकता है। रेल आधारित माल ढुलाई के जरिए परिवहन लागत और समय कम करने के साथ कार्गो समेकन, वैल्यू एडिशन और निर्यात से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ावा देने की योजना है।इससे मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और संबंधित उद्योगों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
Madhya Pradesh UAE Investment : स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन एनर्जी पर चर्चा
राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ बैठक में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस दौरान स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, ई-मोबिलिटी और एग्रीकल्चरल मशीनरी जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहा।इन सेक्टर्स को प्रदेश की भविष्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Madhya Pradesh UAE Investment : MP में खुल सकते हैं इंटरनेशनल K-12 स्कूल
शिक्षा क्षेत्र में भी निवेश को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जेम्स एजुकेशन कंपनी के चेयरमैन-फाउंडर सनी वर्की से मुलाकात की।बैठक में मध्यप्रदेश के प्रमुख और विकासशील शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के K-12 स्कूल कैंपस स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इन संस्थानों में विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम लागू करने की योजना पर विचार किया गया।
Madhya Pradesh UAE Investment : हेल्थकेयर, इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन एनर्जी में निवेश की इच्छा
ब्यूमर्क कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और सीईओ सिद्धार्थ बालाचंद्रन के साथ बैठक में भी निवेश के कई क्षेत्रों पर चर्चा हुई।कंपनी की ओर से इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी और ग्रीन एनर्जी सहित विभिन्न सेक्टर्स में मध्यप्रदेश में निवेश की इच्छा जताई गई।
Madhya Pradesh UAE Investment : 30 से 50 मिलियन डॉलर के लॉजिस्टिक्स निवेश पर चर्चा
शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट-सीईओ श्याम कपूर के साथ हुई बैठक में मध्यप्रदेश में लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। प्रस्तावित परियोजना में रेल-साइडिंग की सुविधा वाले लॉजिस्टिक्स पार्क की संभावना पर विचार किया गया।इस परियोजना में करीब 30 से 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश का प्रस्ताव बताया गया है। इसके जरिए लगभग 300 से 600 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है।कंपनी की इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र में निवेश करने में विशेष रुचि बताई गई है। बैठक में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, आधुनिक वेयरहाउसिंग और रीजनल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
Madhya Pradesh UAE Investment : भोपाल और इंदौर में वीजा सेवाओं का विस्तार
वीएफएस ग्लोबल के वैश्विक प्रमुख अमित साइचर के साथ मुख्यमंत्री की बैठक में निवेश और रोजगार के साथ वीजा सेवाओं, पर्यटन और युवाओं के कौशल विकास पर चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने भोपाल और इंदौर में वीजा आवेदन सेवाओं का दायरा बढ़ाने की दिशा में काम करने का आग्रह किया। इसके अलावा स्थानीय युवाओं के लिए पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार हुआ।
Madhya Pradesh UAE Investment : मध्यप्रदेश में सुपरमार्केट और आधुनिक रिटेल सेंटर की तैयारी
चोइथराम समूह के अध्यक्ष एल.टी. पगरानी के साथ बैठक में प्रदेश की निवेश नीतियों और रिटेल सेक्टर की संभावनाओं पर चर्चा हुई।समूह मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों में सुपरमार्केट और आधुनिक किराना रिटेल सेंटर स्थापित करने में रुचि रखता है। इसके साथ ही स्थानीय किसानों और उत्पादकों से सीधे कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद खरीदने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।स्थानीय कच्चे माल के इस्तेमाल से खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और प्राइवेट लेबल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की योजना पर भी बातचीत हुई।
Madhya Pradesh UAE Investment : GIS-2027 के जरिए निवेश को जमीन पर उतारने की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों और उद्योग समूहों को मध्यप्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।सरकार की कोशिश है कि दुबई में हुई वन-टू-वन बैठकों और निवेश चर्चाओं को आगे बढ़ाकर वास्तविक परियोजनाओं में बदला जाए। लॉजिस्टिक्स, AI, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, डिफेंस, ई-मोबिलिटी, शिक्षा, हेल्थकेयर और रिटेल जैसे क्षेत्रों में संभावित निवेश से प्रदेश में उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर जोर दिया जा रहा है।


