खबर राऊ से है, जहां बाईपास पर टैंकर से हुए लिक्विड अमोनिया के रिसाव का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले को संभालने की कोशिश की इस बीच कई पुलिस कर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला
दरअसल इंदौर के राऊ बाईपास पर एक टैंकर से लिक्विड अमोनिया के रिसाव की घटना सामने आई थी। यह पीथमपुर स्थित एक फैक्ट्री से लिक्विड अमोनिया लादकर जा रहा टैंकर राऊ बाईपास पर अचानक रिसने लगा। इस घटना के बाद टैंकर का चालक मौके से फरार हो गया, और घंटों तक अमोनिया का रिसाव जारी रहा। इसके परिणामस्वरूप आसपास की कॉलोनियों और राहगीरों को आंखों में जलन और परेशानियों का सामना करना पड़ा।वही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित फैक्ट्री से संपर्क किया और टैंकर को खाली कराया। इस पूरी प्रक्रिया में कई घंटे तक बाईपास को बंद रखा गया। बाईपास पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई थी, लेकिन इस दौरान कई पुलिसकर्मियों को भी लिक्विड अमोनिया से आंखों में जलन और अन्य समस्या होने की शिकायतें मिलीं। इसके बाद उनका भी उपचार कराया गया।






