IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हरा दिया। मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों के दम पर हैदराबाद को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने क्वालिफायर-2 में जगह बना ली है, जहां उसका सामना गुजरात टाइटंस से होगा।
IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी ने बदला मैच
राजस्थान रॉयल्स की जीत के सबसे बड़े हीरो सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। अपनी विस्फोटक पारी में वैभव ने 12 लंबे छक्के लगाए और IPL इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से महज 3 रन दूर रह गए। उनकी पारी ने मैच का रुख पूरी तरह राजस्थान की ओर मोड़ दिया।
IPL 2026: ध्रुव जुरेल ने भी खेली तेज अर्धशतकीय पारी
वैभव के अलावा ध्रुव जुरेल ने भी तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 21 गेंदों में 50 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 243 रन का विशाल स्कोर बनाया। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए।
IPL 2026: SRH की शुरुआत रही बेहद खराब
244 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा पहले ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन, स्मरण रविचंद्रन और ट्रैविस हेड भी जल्दी पवेलियन लौट गए। शुरुआती विकेट गिरने के कारण टीम दबाव में आ गई।
IPL 2026: हेनरिक क्लासेन भी नहीं बचा सके टीम
मध्यक्रम में हेनरिक क्लासेन ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। राजस्थान के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और SRH के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। 81 रन तक टीम के पांच विकेट गिर चुके थे।
IPL 2026: सलिल अरोड़ा और नितीश रेड्डी ने की कोशिश
इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए सलिल अरोड़ा ने नितीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने टीम का स्कोर 137 रन तक पहुंचाया, लेकिन इसके बाद राजस्थान के गेंदबाजों ने फिर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली।
IPL 2026: राजस्थान के गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी। नितीश कुमार रेड्डी के आउट होने के बाद कप्तान पैट कमिंस भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। पूरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई।
IPL 2026: क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस से मुकाबला
अब राजस्थान रॉयल्स की टीम IPL 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस का सामना करेगी। गुजरात को क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 29 मई को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
IPL 2026: फाइनल में RCB से भिड़ेगी विजेता टीम
क्वालिफायर-2 जीतने वाली टीम सीधे IPL 2026 के फाइनल में पहुंचेगी, जहां उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। खिताबी मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस को अब एक और रोमांचक मुकाबले का इंतजार है।
read also: Pankaj Tripathi ने सुनाया संघर्ष का दौर, बोले- दिल्ली आकर लगा था बड़ा कल्चरल झटका





