Weather Update: देश के कई राज्यों में मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल रहा है। एक तरफ राजस्थान भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है, तो वहीं उत्तराखंड में भारी बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही के चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलग-अलग अलर्ट जारी किए हैं।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बारिश का येलो अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सोमवार को मौसम सामान्य से थोड़ा ठंडा रहा। दिनभर बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
Weather Update: दिल्ली में सामान्य से कम दर्ज हुआ तापमान
आईएमडी के अनुसार दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन पर अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पालम में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रिज और लोदी रोड स्टेशन पर भी तापमान औसत से नीचे रहा। हालांकि उमस के कारण लोगों को दिनभर गर्मी महसूस हुई।
Weather Update: राजस्थान में बढ़ रही भीषण गर्मी
राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है।
Weather Update: बाड़मेर में तापमान पहुंचा 46.8 डिग्री
राजस्थान के बाड़मेर में रविवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों तक हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
Weather Update: जयपुर समेत कई जिलों में आंधी और बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
Weather Update: उत्तराखंड में भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। देहरादून मौसम केंद्र ने 12 और 13 मई के लिए राज्य के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।





