रिपोर्ट- संजू जैन
Bemetara News: बेमेतरा जिले में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रांजल तिवारी के नेतृत्व में उन्नाव रेप मामले के दोषी भाजपा पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिला कांग्रेस द्वारा जमकर नारेबाजी की गई। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने केंद्र सरकार से मांग की कि उन्नाव गैंगरेप पीड़िता को तत्काल न्याय दिलाया जाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए। आरोपी भाजपा नेता कुलदीप सेंगर की दोबारा गिरफ्तारी, कड़ी सजा सुनिश्चित करने, महिला सुरक्षा कानूनों को और सख्ती से लागू करने और दोषियों को राजनीतिक संरक्षण देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग के साथ चेतावनी दी गई। यदि मांगें पूरी नहीं की गईं, तो युवा कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के चर्चित उन्नाव रेप केस के दोषी कुलदीप सेंगर की जमानत को लेकर एक तरह पीड़िता और उसका परिवार धरने पर बैठा है. दूसरी ओर, CBI ने पूर्व विधायक सेंगर की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगा दी है. दिल्ली हाईकोर्ट ने सेंगर की सजा को सस्पेंड करते हुए उसे जमानत दे दी थी. अब CBI ने दिल्ली हाईकोर्ट के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. जांच एजेंसी ने सुप्रीम कोर्ट से अपील की है कि हाईकोर्ट के सजा निलंबन और जमानत देने के आदेश पर पुनर्विचार किया जाए. इस मामले में अब सुप्रीम कोर्ट को ही आखिरी फैसला लेना है।




