,

Gwalior news:पालतू कुत्ते की शिकायत पर बवाल: घर में घुसकर मारपीट, फायरिंग और चेन लूट; सात नामजद

BY: Yoganand Shrivastava

Gwalior news: ग्वालियर के बिलौआ थाना क्षेत्र अंतर्गत केशर बाबा मोहल्ला में पालतू कुत्ते के काटने की थाने में शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज पड़ोसियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं और युवतियों के साथ मारपीट की, बाहर निकलकर हवाई फायरिंग की और एक युवती के गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।

घटना दो दिन पहले दर्ज कराई गई शिकायत के बाद रविवार को हुई। बताया गया कि मोहल्ले में रहने वाले रामसेवक चौरसिया को पड़ोसी धर्मेंद्र उर्फ धन्नू शर्मा के पालतू कुत्ते ने काट लिया था। इलाज कराने के बाद रामसेवक ने अपने भाइयों के साथ थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इसी बात से नाराज होकर धर्मेंद्र शर्मा ने अपने परिजनों और साथियों के साथ हमला किया।

हमले के समय पीड़ित परिवार के अधिकांश सदस्य पास के बालाजी गार्डन में भतीजे की शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर केवल रामगोपाल चौरसिया की बेटी राखी मौजूद थी। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की, वहीं कुछ लोगों ने बाहर खड़े होकर कट्टे से फायरिंग भी की।

राखी ने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जब रामगोपाल अपने रिश्तेदारों के साथ घर पहुंचे, तो हमलावर दोबारा चेहरे पर नकाब पहनकर लौटे और फिर से हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई और राखी चौरसिया के गले से सोने की चेन छीन ली गई। जाते-जाते आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धर्मेंद्र उर्फ धन्नू शर्मा सहित दीपक शर्मा, अभय शर्मा, युवराज शर्मा, गिर्राज शर्मा, हर्षित पाठक, विनोद शर्मा और अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Yogi Adityanath Kanya Pujan: गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने किया कन्या पूजन

Report: Vandna Rawat Yogi Adityanath Kanya Pujan गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में…

Roopi Soren: स्व. रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म में शामिल हुए बन्ना गुप्ता

Roopi Soren झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता स्वर्गीय रूपी सोरेन के…