Report: Arvind Chouhan
ग्वालियर: एक युवक द्वारा गाली-गलौज का विरोध करना भारी पड़ गया। आरोप है कि एक बदमाश ने न सिर्फ उसके साथ गाली-गलौज की, बल्कि खुलेआम बीच सड़क पर उसकी जमकर पिटाई भी कर दी। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित ने थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय अपनी फरियाद लेकर पहुँचा।
शराब के पैसे माँगे, मना किया तो मारपीट
मामला जनकगंज थाना क्षेत्र के समाधिया कॉलोनी ब्लॉक D का है। यहाँ रहने वाले राहुल कुशवाह के घर 19 नवंबर की रात उसी कॉलोनी के कुख्यात बदमाश बीरू कुशवाह ने पहुँचकर शराब पीने के लिए पैसे माँगे। राहुल ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके बाद जबरन घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया।
चेहरे-सिर पर घूंसे, पसलियां टूटने का आरोप
शिकायत के अनुसार आरोपी ने राहुल के चेहरे और सिर पर कई वार किए, यहां तक कि जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी पसलियां भी तोड़ दीं। घायल हालत में परिवार वालों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसी रात मेडिकल तो कराया, लेकिन एक्स-रे और गंभीर चोटों की जांच नहीं कराई।
एफआईआर दर्ज न होने से आरोपी बेखौफ
पीड़ित का कहना है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की, जिससे आरोपी के हौसले और बढ़ गए हैं। वह अब खुलेआम इलाके में घूम रहा है और लगातार फोन पर युवक को जान से मारने की धमकियां दे रहा है। एक कॉल में आरोपी ने साफ कहा—“रिपोर्ट कराई तो जान ले लूंगा, पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी।”
पुलिस पर साठगांठ का आरोप, SP ऑफिस पहुँचा पीड़ित
राहुल का आरोप है कि थाना पुलिस जानबूझकर एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है और उसे शक है कि आरोपी ने पुलिस से मिलकर अपनी रक्षा कर ली है। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित राहुल ने SP कार्यालय पहुँचकर आवेदन दिया है। उसने सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए हैं।
सुरक्षा की मांग, कड़ी कार्रवाई की अपील
पीड़ित ने कहा कि यदि उसके साथ कोई घटना होती है तो इसके लिए आरोपी बीरू कुशवाह और संबंधित थाना पुलिस जिम्मेदार होंगे। उसने तत्काल एफआईआर दर्ज करने, आरोपी की गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पीड़ित न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।





