BY: Yoganand Shrivastva
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक मुस्लिम युवक को पुलिस ने गंभीर आरोपों के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 16 वर्षीय हिंदू लड़की को अपने प्रेमजाल में फंसाने, उसका धर्म परिवर्तन कराने और रेप करने का आरोप है। यह मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पीड़िता के भाई ने दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता के भाई ने थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि आरोपी युवक नसरे आलम (निवासी: खेसिया मंशा छापर गांव, थाना जटहा बाजार) उसकी बहन को बहलाकर घर से भगा ले गया और बाद में उसका जबरन धर्म परिवर्तन भी करा दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई
नेबुआ नौरंगिया थाने के प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह के अनुसार, सोमवार को पुलिस टीम ने आरोपी नसरे आलम को गिरफ्तार कर लिया। उस पर पॉक्सो अधिनियम, उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
इलाके में चर्चा का विषय
इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक रूपांतरण जैसे मामलों को लेकर फिर से बहस छेड़ दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।





