Seva Sankalp Yatra : भोपाल, 8 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में Seva Sankalp Yatra को लेकर युवा मोर्चा की बैठक को संबोधित किया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा दूरदर्शी नेतृत्व सदियों में देखने को मिलता है। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले सभी आयोजनों को बेहतर तरीके से आयोजित कर आदर्श स्थापित करने का आह्वान किया।
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाला सेवा संकल्प अभियान सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण की भावना से जुड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
Seva Sankalp Yatra : वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी यात्रा
डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक यात्रा निकाली जाएगी। इसी तरह वाराणसी से वडनगर के लिए भी दूसरी यात्रा आयोजित होगी।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से गुजरने वाली इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की जिम्मेदारी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की है। वडनगर से निकलने वाली यात्रा हाटकेश्वर मंदिर के तालाब से जल लेकर वाराणसी पहुंचेगी, जहां भगवान काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। वहीं वाराणसी से गंगाजल लेकर निकलने वाली यात्रा वडनगर पहुंचकर हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक करेगी।
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म से जुड़ा स्थान है, जबकि वाराणसी उनकी कर्मभूमि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों से प्रेरणा लेकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
Seva Sankalp Yatra : यात्रा के दौरान पौधरोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार
Seva Sankalp Yatra के साथ मध्यप्रदेश में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी निकाली जाएगी। इसके तहत गांव और जिला स्तर पर अलग-अलग दिशाओं से पदयात्रा और बाइक यात्राएं निर्धारित स्थानों पर पहुंचेंगी। यहां जनसंवाद और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों से होकर गुजरने वाली बाइक यात्रा का व्यापक स्तर पर स्वागत किया जाए। यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को मध्यप्रदेश में प्रभावी और यादगार बनाने की अपील की। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाले जनसेवक महाकुंभ के साथ होगा।
READ ONLY: मध्यप्रदेश की राजनीति और भाजपा से जुड़ी अन्य खबरें पढ़ें।
Seva Sankalp Yatra : यात्रा सिर्फ राजनीतिक आयोजन नहीं, सेवा और जनभागीदारी का अभियान
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा को केवल राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक इसका उद्देश्य सेवा, सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, सेवा गतिविधियां, लाभार्थी संवाद और ग्राम चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक पड़ाव पर स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों के अनुसार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
शर्मा ने कहा कि जिन क्षेत्रों से यात्रा गुजरेगी, वहां की स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी कार्यक्रमों में शामिल किया जाना चाहिए। विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों में स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन, लोककला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को यात्रा का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
Seva Sankalp Yatra : लाभार्थियों से संवाद और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों से संवाद किया जाएगा। लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री आवास, आंगनबाड़ी और पोषण अभियान जैसी योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रमों में आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराने की योजना है।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति और महिलाओं की भागीदारी विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। युवा मोर्चा का उद्देश्य युवाओं को केवल बाइक यात्रा से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है।
Seva Sankalp Yatra : सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज से जुड़ाव बढ़ाना
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल बाइक रैली या यात्रा तक सीमित नहीं है। इसमें सेवा, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद जैसे विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा गतिविधियों को जनभागीदारी का रूप देना और समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ना है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
Seva Sankalp Yatra : 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को बताया प्रेरणादायी यात्रा
भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार से निकलकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने तक का सफर भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजनीति को सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाने पर जोर दिया है। उनके अनुसार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
Seva Sankalp Yatra : 16 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेशभर में यात्रा
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने बैठक में यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि Seva Sankalp Yatra के तहत जल, जन, सेवा संकल्प यात्रा 16 सितंबर से 7 अक्टूबर तक मध्यप्रदेश के सभी जिलों में निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रत्येक पड़ाव को सेवा, संवाद और सामाजिक सहभागिता का केंद्र बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसमें युवाओं के साथ महिलाओं, लाभार्थियों, स्वयं सहायता समूहों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश मंत्री क्षितिज भट्ट ने किया। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य भक्ति शर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


