Isa Ahmad
Rural Water Crisis: हैंडपंप खराब, नाले का पानी बना सहारा- बीमारियों का बढ़ा खतरा
Rural Water Crisis: एमसीबी जिले के जनपद पंचायत खड़गवां अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़ा के हरिजन पारा सहित कई बस्तियों में पेयजल की गंभीर समस्या सामने आई है। यहां सैकड़ों ग्रामीण गंदे और प्रदूषित पानी को पीने के लिए मजबूर हैं। गांव में लगे अधिकांश हैंडपंप या तो खराब पड़े हैं या भीषण गर्मी में पानी देना बंद कर चुके हैं।
ऐसे हालात में ग्रामीणों को नाले और डोंडी के दूषित पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इस पानी के सेवन से गांव में कई लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई है।

Rural Water Crisis: शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई, प्रशासन और विभाग पर लापरवाही के आरोप
Rural Water Crisis: ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पेयजल समस्या को लेकर कई बार सरपंच और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जब स्वदेश न्यूज़ की टीम ग्राउंड जीरो पर पहुंची, तो यह स्पष्ट हुआ कि सरकार की जल योजनाएं कागजों तक ही सीमित रह गई हैं और गांव तक पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ देती हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पीएचई विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। आजादी के अमृत महोत्सव और विकसित भारत के सपनों के बीच, ग्राम पंचायत कोड़ा के लोग शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन कब जागेगा और इन ग्रामीणों को राहत मिलेगी।





