Report: Devendra Jaiswal
Khandwa : शहर के कोतवाली थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक घरेलू विवाद के चलते पुलिस कंट्रोल रूम के ऊंचे टॉवर पर जा चढ़ा। हाथ में चाकू लिए युवक को टॉवर पर देख पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। सुबह-सुबह हुई इस घटना ने पूरे थाना परिसर में सनसनी फैला दी, जिसे बाद में वरिष्ठ अधिकारियों की सूझबूझ से सुलझाया गया।

Khandwa सुनवाई न होने का आरोप और टॉवर पर ‘सुसाइड ड्रामा’
टॉवर पर चढ़े युवक की पहचान सूरजकुंड निवासी दादू (पिता सुरेश) के रूप में हुई है। युवक का आरोप था कि अपनी फुफेरी बहन से शादी के बाद उपजे विवाद में उसकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे हताश होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन युवक के हाथ में नग्न चाकू होने के कारण पुलिसकर्मी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।

Khandwa विधवा बहन की क्लेम राशि पर नजर? बुआ ने खोली पोल
घटनास्थल पर पहुंची दादू की बुआ ने मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दादू उनकी विधवा बेटी रोशनी से शादी करने के लिए दबाव बना रहा है। रोशनी के पति की चार साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिसके एवज में उसे 7 लाख रुपये की क्लेम राशि मिली है। बुआ का आरोप है कि दादू की नजर उस राशि पर है और वह पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है।

Khandwa CSP के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी अभिनव बारंगे मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक से संवाद स्थापित किया और उसे उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया। सीएसपी की समझाइश और मानवीय व्यवहार (युवक को पानी पिलाने और सुरक्षित नीचे लाने की मदद) के बाद युवक टॉवर से नीचे उतरने को राजी हुआ। पुलिस अब इस मामले में पारिवारिक विवाद और युवक के पिछले रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
Read this: Bokaro: संकट मोचन पहलवान अखाड़ा में गूंजा सुंदरकांड, परंपरा और पौरुष का अनूठा संगम





