रिपोर्टर: प्रविंस मनहर
नया रायपुर स्थित नवीन विधानसभा भवन में आज एक खास कार्यक्रम “एक पेड़ मां के नाम” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूजा-अर्चना कर गुलमोहर का पौधा रोपित किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पक्ष और विपक्ष के तमाम विधायक भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर पौधारोपण किया।
पक्ष-विपक्ष ने मिलकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद, विधायकों का दल नया रायपुर स्थित निर्माणाधीन विधानसभा परिसर पहुंचा, जहां “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहां सभी विधायकों ने एकजुट होकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधे लगाए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा,
“आज हम अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगा रहे हैं। यह न केवल एक पर्यावरणीय पहल है बल्कि भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक भी है। आने वाले समय में यह नया विधानसभा परिसर पूरी तरह हरियाली से भर जाएगा।”
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी रहे मौजूद
इस विशेष कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी पौधा रोपण कर योगदान दिया। उन्होंने इसे पर्यावरण और भावनात्मक मूल्यों से जुड़ी एक प्रेरणादायक पहल बताया।





