BY: MOHIT JAIN
मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अगले चार दिन हल्की बारिश की संभावना है। सिवनी, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर और डिंडौरी में पानी गिर सकता है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर में रातें ठंडी रहेंगी। मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी हिस्सों में लोकल सिस्टम की एक्टिविटी के कारण हल्की बारिश होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि अगले चार दिन तक सिवनी, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर और डिंडौरी में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश के सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, जबलपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में मानसून अभी भी सक्रिय है।
पश्चिमी हिस्सों में बढ़ी ठंड
पश्चिमी हिस्सों में ठंडी हवाओं के असर से रातें ठंडी रहने लगी हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी से उत्तर की ठंडी हवा प्रदेश में भी पहुँच रही है।
तापमान रिकॉर्ड और ठंड का असर
शुक्रवार-शनिवार की रात में 25 से ज्यादा शहरों में तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। राजगढ़ में सबसे कम 13.5 डिग्री, धार 15.6 डिग्री, इंदौर 15 डिग्री, भोपाल 17.8 डिग्री, ग्वालियर 18.2 डिग्री, उज्जैन 17.2 डिग्री और जबलपुर 21.2 डिग्री दर्ज किया गया।
40 जिलों से लौटा मानसून
प्रदेश के 40 से अधिक जिलों से मानसून लौट चुका है। इनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, सीहोर, विदिशा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम और बैतूल शामिल हैं। मौसम विभाग ने कहा कि फिलहाल कोई स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव नहीं है, एक-दो दिन में बाकी हिस्सों से भी मानसून लौट सकता है।





