संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
तहसील परिसर में रिश्वत लेते वायरल हुआ वीडियो
Morena पोरसा तहसील कार्यालय परिसर से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नायब तहसीलदार का रीडर किसान से 500 रुपये रिश्वत लेते नजर आ रहा है। आरोप है कि नाम संशोधन के बदले किसान से पहले 1200 रुपये मांगे गए थे, बाद में सौदा 600 रुपये में तय हुआ। मौके पर 500 रुपये लेते हुए किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बन गया है।
फाइल अटकाकर मांगे गए पैसे
Morena जोटई गांव निवासी किसान धर्मवीर सिंह तोमर ने नाम संशोधन के लिए आवेदन दिया था, जो नायब तहसीलदार महुआ कार्यालय तक पहुंचा। आरोप है कि रीडर ने जानबूझकर फाइल रोक दी और काम आगे बढ़ाने के लिए पैसे की मांग की। फोन पर बातचीत में रीडर ने कथित तौर पर कहा कि इस रकम में “सबका हिस्सा” होता है और दस्तखत व कंप्यूटर कार्य के भी पैसे लगते हैं।
रीडर ने मानी गलती, जांच की उठी मांग
Morena किसान से मौके पर 500 रुपये लेते समय वीडियो रिकॉर्ड हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में रीडर राहुल अग्रवाल से जब बातचीत की गई तो उन्होंने गलती स्वीकार करते हुए पहली बार रिश्वत लेने की बात कही। घटना सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
Read this: Datia : तेज रफ्तार अज्ञात वाहन का कहर, बाइक सवारों की दर्दनाक मौत





