BY: Yoganand Shrivastva
इंदौर। मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर तीखा वार करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर अनावश्यक नैरेटिव गढ़ रही है, जबकि यह प्रक्रिया आज़ादी के बाद से ही चुनाव आयोग द्वारा नियमित रूप से की जाती रही है।
SIR पर मंत्री का बयान
विजयवर्गीय ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि SIR के तहत ऐसे लोगों के नाम हटाए जाते हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जिनका नाम सूची में बार-बार जुड़ गया है या जो राज्य छोड़कर कहीं और चले गए हैं। साथ ही नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं। उन्होंने कहा –
“यह बिल्कुल नई प्रक्रिया नहीं है, लेकिन कांग्रेस इसे लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।”
राहुल गांधी पर सीधा वार
कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा –
“मैं राहुल जी से पूछना चाहता हूं, जब आपकी माता जी इस देश की नागरिक नहीं थीं, तब उनका नाम वोटर लिस्ट में कैसे शामिल हुआ? क्या यह वोट चोरी नहीं थी? आप घुसपैठियों को अपने पक्ष में वोट दिलवा रहे हैं, यह भी देश के साथ विश्वासघात है। जनता अब आपको पहचान चुकी है और आपके नैरेटिव पर विश्वास नहीं करने वाली।”
सुप्रीम कोर्ट का हवाला
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि यह प्रक्रिया “सतत चलने वाली” है, इसे रोका नहीं जा सकता। बिहार के उदाहरण का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वहां करीब 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए। कोर्ट ने भी कहा कि नाम हटाने का कारण बताना होगा, लेकिन प्रक्रिया थम नहीं सकती।
“राहुल जी, लोकसभा चुनाव में आपने संविधान के नाम पर नैरेटिव बनाने की कोशिश की थी, लेकिन अब जनता आपके असली चेहरे से वाकिफ हो चुकी है,” विजयवर्गीय ने कहा।
“अखंड भारत” पर दिया था बयान
इससे पहले 14 अगस्त को इंदौर में विजयवर्गीय ने बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि एक दिन ऐसा भी आएगा जब इस्लामाबाद पर तिरंगा फहराया जाएगा और अखंड भारत का सपना पूरा होगा।
उन्होंने 1947 की आज़ादी को “कटी-फटी” बताते हुए कहा था कि उस समय गलत नीतियों की वजह से भारत माता के टुकड़े हुए। विजयवर्गीय के मुताबिक –
“भगत सिंह जिस आज़ादी के लिए फांसी पर झूले, वह हमें 15 अगस्त को पूरी तरह नहीं मिली। आज मोदी सरकार के नए भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह किया है और दुश्मन के हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया है।”





