BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर: तिघरा थाना क्षेत्र के कोने का पुरा गांव में बुधवार को जमीन बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बड़े भाई कल्लू बघेल ने छोटे भाई भानू बघेल पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जबकि बीच-बचाव करने आए पिता सियाराम बघेल को भी चोटें आईं। दोनों घायलों का इलाज जेएएच अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कल्लू और भानू के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। बुधवार को कल्लू छोटे भाई के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने भानू की पत्नी अवधा बघेल को भी भला-बुरा कहा। शोर सुनकर पिता सियाराम बघेल बीच-बचाव करने आए।
कल्लू गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से भानू पर हमला कर दिया और पिता सियाराम को भी चोटें आईं। घटना में कल्लू का चाचा केशव बघेल भी शामिल हुआ और उसने लाठियों से सियाराम पर हमला किया।
घटना की सूचना मिलने के बाद तिघरा पुलिस गांव पहुंची, लेकिन तब तक परिजन घायलों को जेएएच अस्पताल ले जा चुके थे। तिघरा थाना प्रभारी शिवराम सिंह कंसाना ने बताया कि परिवारिक जमीन विवाद के चलते यह हिंसक घटना हुई। पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर कल्लू बघेल और उसके चाचा केशव बघेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





