Report by: Kesari Nandan Tiwari, Edit by: Priyanshi Soni
Kawardha News: कवर्धा जिले के शिक्षा विभाग में एक गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित ऑडिट टीम ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया, जिसमें अक्टूबर 2022 से अक्टूबर 2025 तक कोषालय से ₹2,18,04,87,344 की राशि निकाली गई पाई गई। लेकिन इस भारी रकम का कोई स्पष्ट और प्रमाणित लेखा-जोखा विभाग के पास मौजूद नहीं है।
Kawardha News: ऑडिट में कैश बुक अधूरी और वाउचर गायब
जांच के दौरान ऑडिट टीम ने पाया कि कई कैश बुक अधूरी हैं और कई वाउचर व व्यय अभिलेख लापता हैं। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका और गहरी हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, एरियर्स भुगतान से जुड़ी कई फाइलें अब भी लंबित हैं और उनकी स्थिति संदिग्ध बनी हुई है।
Kawardha News: प्रशासनिक मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल

इस घटना ने न केवल शिक्षा विभाग की वित्तीय प्रणाली की छवि को धक्का दिया है, बल्कि जिला स्तर की निगरानी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। इतनी बड़ी राशि बिना स्पष्ट रिकॉर्ड के कैसे निकाली गई, यह सबसे बड़ा सवाल बन गया है।
Kawardha News: शिक्षा विभाग में हड़कंप, अधिकारी अब तक चुप
मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अंदरखाने रिकॉर्ड दुरुस्त करने और मामले को दबाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब यह देखना बाकी है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी या 218 करोड़ रुपये का यह मामला फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।
Read also: Temple Theft: जगदलपुर मां दंतेश्वरी मंदिर में चोरी, जांच में जुटी पुलिस





