Isa Ahmad
Kanwar Accident का एक दर्दनाक मामला हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र से सामने आया है। गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे दो कांवड़ियों की निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे भारी लोहे के गाटर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया।
Kanwar Accident: फ्लाईओवर के नीचे विश्राम कर रहे थे कांवड़िए, अचानक खिसका भारी गाटर
Kanwar Accident के संबंध में पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 2:20 बजे ग्राम बड़ेड़ी राजपूतान में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के गाटरों के पास हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कई कांवड़िए विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान एक कांवड़िया गाटर पर चढ़ गया, जिससे भारी लोहे का गाटर अचानक खिसक गया और नीचे बैठे कांवड़ियों पर गिर पड़ा।
हादसे में दो कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय रुड़की पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
Kanwar Accident: मेरठ और गाजियाबाद के रहने वाले थे मृतक, पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
Kanwar Accident में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 21 वर्षीय तनुज पुत्र महेश चंद्र, निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद, थाना मुरादनगर (मेरठ) और 22 वर्षीय कृष्ण पुत्र मटरु, निवासी शकूरपुर, थाना भोजपुर, जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे भारी गाटर के असंतुलित होकर खिसकने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



