रिपोर्ट: देवेंद्र श्रीवास, जांजगीर-चांपा | दिनांक: 24.04.25
जांजगीर-चांपा जिले को आज उसका 22वां कलेक्टर मिल गया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के अधिकारी श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर जिले की विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने श्री महोबे का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यालय परिसर में एक सादे एवं गरिमामय समारोह के बीच स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
बताया गया कि पदभार ग्रहण करने से पूर्व श्री महोबे नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक क्षेत्र में उनकी कार्यशैली और अनुशासन के लिए उन्हें विशेष रूप से जाना जाता है।
श्री महोबे ने अपने प्रारंभिक संवाद में कहा कि वे जिले के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वे फील्ड विज़िट के माध्यम से समस्याओं को प्रत्यक्ष समझने और समाधान निकालने पर विशेष बल देंगे।





