IRCTC Ticket Fine : टिकट बुकिंग में छोटी गलती और हजारों रुपये का जुर्माना
IRCTC Ticket Fine : ट्रेन टिकट बुक करते समय दी गई जानकारी कितनी महत्वपूर्ण होती है, इसका उदाहरण हाल ही में सामने आए एक मामले से मिलता है। बेंगलुरु से नागपुर की यात्रा कर रहे एक यात्री को सिर्फ इसलिए ₹7,035 का अतिरिक्त जुर्माना भरना पड़ा क्योंकि उसने टिकट बुकिंग के दौरान अपनी उम्र 24 वर्ष की जगह गलती से 1 वर्ष दर्ज कर दी थी। यात्री रमाकांत के अनुसार उन्होंने 23 जून 2026 को राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22691) में 2AC टिकट बुक की थी, जिसकी कीमत ₹3,589 थी। यात्रा के दौरान टिकट जांच में टीटीई ने पाया कि टिकट पर दर्ज उम्र और वास्तविक उम्र में बड़ा अंतर है। इसके बाद रेलवे नियमों के तहत उनसे अतिरिक्त शुल्क वसूला गया। जुर्माने के बाद यात्रा की कुल लागत ₹10,624 तक पहुंच गई।

Atlas Moth: 99% लोग खा गए धोखा! सांप नहीं, निकला कुदरत का अद्भुत जीव
IRCTC Ticket Fine : शिकायत के बाद भी रेलवे ने TTE की कार्रवाई को बताया सही
यात्री ने इस मामले को सोशल मीडिया और रेल मदद पोर्टल पर उठाया। उनका कहना था कि उम्र की गलत एंट्री अनजाने में हुई थी और इससे उन्हें किराए में कोई लाभ भी नहीं मिला था। साथ ही उनके पास पहचान पत्र सहित सभी वैध दस्तावेज मौजूद थे। हालांकि रेलवे ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि टिकट पर दर्ज विवरण और वास्तविक यात्री की जानकारी मेल नहीं खा रही थी। रेलवे के मुताबिक यात्रियों को टिकट बुक करने के बाद सभी जानकारियों की जांच कर लेनी चाहिए और यदि कोई गलती हो तो चार्ट तैयार होने से पहले नजदीकी PRS काउंटर पर जाकर उसे ठीक करवाना चाहिए। चूंकि यात्री ने यात्रा शुरू होने से पहले जानकारी में सुधार नहीं कराया था, इसलिए उसे रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 138 के तहत “बिना सही टिकट के यात्रा” की श्रेणी में माना गया।

IRCTC Ticket Fine : सिस्टम ग्लिच या यात्री की चूक? उठा बड़ा सवाल
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि यदि IRCTC के नियमों के अनुसार 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए अलग प्रावधान हैं, तो फिर 1 वर्ष की उम्र दर्ज होने पर सिस्टम ने टिकट कैसे जारी कर दी? इसके जवाब में यात्री ने स्क्रीन रिकॉर्डिंग साझा कर दावा किया कि सिस्टम ने उम्र 1 वर्ष होने के बावजूद टिकट बुकिंग स्वीकार कर ली थी। हालांकि रेलवे का कहना है कि गलत उम्र दर्ज करना यात्री की जिम्मेदारी है और ऐसी स्थिति में यात्रा से पहले सुधार करवाना आवश्यक होता है। यह मामला यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सीख है कि टिकट बुकिंग के दौरान नाम, उम्र, जेंडर और अन्य विवरणों को सावधानीपूर्वक भरें, क्योंकि छोटी सी गलती भी भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।

