BY: MOHIT JAIN
इंदौर एयरपोर्ट से आज यानी 16 सितंबर से स्टार एयर की उड़ानें फिर से शुरू हो रही हैं। कंपनी 4 साल बाद इंदौर में वापसी कर रही है और इस बार उड़ानें गोंदिया और बेंगलुरु के लिए संचालित होंगी। पहले स्टार एयर इंदौर से बेलागावी और किशनगढ़ के रूट पर उड़ानें चलाती थी, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान यह बंद हो गई थीं।
अब नए रूट्स पर उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलने वाली है। खासतौर पर इंदौर से गोंदिया के लिए अब पहली बार सीधी उड़ान उपलब्ध होगी। इससे महाराष्ट्र के नए शहर से भी कनेक्शन जुड़ जाएगा।
बुकिंग और संचालन की जानकारी
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए बुकिंग काउंटर टर्मिनल में स्थापित किया गया है और इसे जल्द ही चालू कर दिया जाएगा। उड़ानों के संचालन के लिए कंपनी ने स्टाफ की नियुक्ति भी पूरी कर ली है।
- संचालन दिन: मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार
- विमान: 72 सीटर एटीआर विमान
- किराया: 2499 रुपए
विंटर शेड्यूल में नई फ्लाइट्स
इंदौर से विंटर शेड्यूल में नवी मुंबई के लिए भी पहली बार सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो दोनों ने नए नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अनुमति ले ली है।
इसके अलावा, अलायंस एयर रीवा के लिए उड़ानें संचालित करेगी। देशभर के एयरपोर्ट पर 26 अक्टूबर से 28 मार्च तक विंटर शेड्यूल लागू होगा।
इंदौर से अब और शहरों के लिए सीधा कनेक्शन
ट्रैवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के अनुसार, अक्टूबर से नए सीजन की शुरुआत होती है और लोग अपने सफर की योजना बनाना शुरू कर देते हैं। नए शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
विंटर शेड्यूल के तहत इंदौर से अब ये शहर जुड़े हुए हैं:
पुणे, मुंबई, नवी मुंबई, जयपुर, रायपुर, जबलपुर, बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली, अहमदाबाद, गोवा, चंडीगढ़, जम्मू, चेन्नई, जोधपुर, गाजियाबाद, नासिक, उदयपुर, गोंदिया, भुवनेश्वर, लखनऊ, रीवा, नागपुर, कोलकाता और शारजाह।





