BY: Yoganand Shrivastva
फिल्म ‘एनिमल’ में रश्मिका मंदाना की मां का किरदार निभाने वाली अनुभवी अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन इन दिनों फिर चर्चा में हैं। वे निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में माता कौशल्या की भूमिका निभाती नजर आएंगी। इस फिल्म में रणबीर कपूर राम और साई पल्लवी सीता की भूमिका निभा रहे हैं।
हाल ही में इंदिरा कृष्णन ने अपने करियर की उस कड़वी सच्चाई को साझा किया, जब उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच का सामना करना पड़ा था। उन्होंने खुलकर बताया कि कैसे इस अनुभव ने उन्हें मानसिक रूप से झकझोर दिया और उन्होंने एक बड़ा प्रोजेक्ट छोड़ने का फैसला लिया।
करियर से ज्यादा ज़मीर को दी प्राथमिकता
एक इंटरव्यू में इंदिरा ने कहा कि कास्टिंग काउच सिर्फ हिंदी इंडस्ट्री की समस्या नहीं है, बल्कि साउथ इंडस्ट्री में भी यह होता है। एक बड़े प्रोड्यूसर के साथ एक फिल्म पर बात लगभग पक्की हो चुकी थी, लेकिन एक आपत्तिजनक इशारे और व्यवहार ने उन्हें चौंका दिया।
इंदिरा ने उस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली और निर्माता को मैसेज कर साफ शब्दों में कहा:
“मैं अपनी प्रतिभा बेचने आई हूं, खुद को नहीं।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि शायद उनके शब्द थोड़े सख्त थे, लेकिन उन्होंने वही कहा जो सच था।
शूटिंग शुरू होने से पहले लिया बड़ा फैसला
अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने खुद से पूछा, “अगर यह रिश्ता अब खराब हो गया तो क्या होगा जब शूटिंग शुरू होगी?” इसी सोच के चलते उन्होंने अपनी आत्म-सम्मान को प्राथमिकता दी और प्रोजेक्ट से हट गईं।
‘रामायण’ में निभाएंगी पौराणिक किरदार
इंदिरा कृष्णन अब 4000 करोड़ के बजट में बन रही फिल्म ‘रामायण’ में कौशल्या का किरदार निभा रही हैं। फिल्म दो भागों में रिलीज़ की जाएगी और इसे भारतीय सिनेमा का अब तक का सबसे भव्य प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
तीन दशक से एक्टिंग की दुनिया में सक्रिय
इंदिरा का करियर करीब 30 वर्षों का रहा है। उन्होंने ‘तेरे नाम’, ‘हॉलीडे’ जैसी फिल्मों के साथ-साथ ‘कहानी घर घर की’, ‘कृष्णाबेन खाखरावाला’, ‘ध्रुव तारा’, ‘क्या हाल मिस्टर पांचाल?’ जैसे मशहूर टीवी शोज़ में भी यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। 2023 में रिलीज़ हुई ‘एनिमल’ में उन्होंने रश्मिका मंदाना की मां की भूमिका से खूब सराहना पाई थी।





