IMD Rain Alert : देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर उत्तर, मध्य, पश्चिम तथा पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, महाराष्ट्र में 1 जून से अब तक बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं में 62 लोगों तथा करीब 200 पशुओं की मौत हो चुकी है।

IMD Rain Alert : दिल्ली-एनसीआर में रेड और येलो अलर्ट जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। IMD ने राजधानी के कई हिस्सों में रेड अलर्ट और कुछ क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि 10 और 11 जुलाई को भी बारिश जारी रह सकती है, जबकि 12 और 13 जुलाई से वर्षा की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है।
IMD Rain Alert : उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, अयोध्या, रायबरेली, बाराबंकी, सीतापुर, प्रतापगढ़, मैनपुरी, इटावा और बांदा सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों और नदी-नालों के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी है।
IMD Rain Alert : बिहार में तेज हवाओं के साथ होगी भारी बारिश
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है। पटना, मधुबनी, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, मुंगेर, सुपौल, सिवान, गोपालगंज और खगड़िया में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।IMD के मुताबिक इन इलाकों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
IMD Rain Alert : महाराष्ट्र में बारिश से हालात गंभीर
महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित किया है। कई जिलों में नदियां उफान पर हैं, जबकि कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।राज्य सरकार के अनुसार 1 जून से अब तक बारिश, आंधी और अन्य मौसम संबंधी घटनाओं में 62 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा करीब 200 पशुओं की भी जान गई है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।
IMD Rain Alert : राजस्थान में 11 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 10 जुलाई तक कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। भरतपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।हालांकि 11 जुलाई के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की तीव्रता कम होने के संकेत हैं।
IMD Rain Alert : उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, देवप्रयाग, भीमताल, कालाढूंगी, कौसानी और आसपास के कई क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और राहत दलों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
IMD Rain Alert : असम और पूर्वोत्तर में जारी रहेगा बारिश का दौर
असम में अगले तीन से चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कामरूप, धुबरी, बारपेटा, कोकराझार, नागांव, सोनितपुर, लखीमपुर, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया, कछार और दिमा हसाओ जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
IMD Rain Alert : तमिलनाडु और पश्चिमी घाट में भी अलर्ट
तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से लगे जिलों में अगले 48 घंटे तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी गुजरात से मध्य केरल तक बने निम्न दबाव (लो-प्रेशर) क्षेत्र के कारण पश्चिमी घाट में मौसम अस्थिर बना रहेगा।इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
IMD Rain Alert : लोगों के लिए IMD की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने के दौरान खुले मैदानों में न जाने, जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसानों, मछुआरों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
read more : India Australia Relations : भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मिली नई मजबूती, PM मोदी और अल्बानीज ने किए कई बड़े ऐला

