BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर |ग्वालियर जिले के बेलगढ़ा गांव में इंटरकास्ट लव मैरिज करने वाले युवक ओमप्रकाश बाथम (25) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पंचायत में पहले ही लड़की के पिता ने चेतावनी दी थी कि यदि लड़का गांव लौटा, तो उसे जान से मार देंगे। 10 महीने बाद अपनी बीमार मां को देखने के लिए गांव लौटे ओमप्रकाश को लड़की के परिवार वालों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
प्रेम कहानी से शुरू हुई दुश्मनी
ओमप्रकाश गांव में ट्रैक्टर किराए पर चलाकर रोज़ी कमाता था। साल 2022 में उसकी मुलाकात शिवानी झा (22) से हुई। दोनों का रिश्ता गहराता गया, लेकिन परिवारों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। विरोध के बावजूद दोनों ने 10 जनवरी 2025 को कोर्ट मैरिज कर ली।
शिवानी के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय की थी। लेकिन शादी से ठीक पहले शिवानी मंडप से भागकर ओमप्रकाश के साथ चली गई। इस घटना ने लड़की के परिवार को समाज में शर्मिंदा कर दिया।
पंचायत में बहिष्कार का निर्णय
दोनों के विवाह की खबर मिलने के बाद गांव में पंचायत हुई। पंचायत में शिवानी के पिता द्वारिका झा ने साफ चेतावनी दी थी कि अगर यह जोड़ा गांव वापस आया, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। डर के कारण ओमप्रकाश और शिवानी डबरा शहर में रहने लगे और गांव आना बंद कर दिया।
मां की तबीयत बिगड़ी, लौटना पड़ा गांव
19 अगस्त को ओमप्रकाश को अपनी बीमार मां को देखने के लिए गांव लौटना पड़ा। यह खबर लड़की के परिवार तक पहुंची। उसी दिन शिवानी के पिता, भाई और रिश्तेदारों ने उसे गांव के बाहर रोककर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां वह 25 अगस्त को इलाज के दौरान मौत से जंग हार गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर, माथे और चेहरे पर सात गंभीर घाव पाए गए। शरीर पर कुल 13 चोटें थीं, जिनमें से कई कुल्हाड़ी और डंडों से लगीं। यही उसकी मौत का कारण बनीं।
पत्नी ने दर्ज कराई FIR
शिवानी ने अपने पिता द्वारिका झा, मां उमा झा, चाचा राजू झा, भरत लाल, पड़ोसी भगवान धानुक, संदीप और लखन बाथम समेत कई लोगों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया। शुरू में पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज किया था, लेकिन मौत के बाद इसे हत्या की धारा में बदल दिया गया।
गांव में तनाव का माहौल
हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपी परिवार के सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है और सुरक्षा के मद्देनज़र गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।





