Heatwave Alert India: देश के कई हिस्सों में गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर में तापमान लगातार ऊपर जा रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश समेत उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के कई क्षेत्रों में लू जैसे हालात बनने लगे हैं।
Heatwave Alert India: कई राज्यों में 40°C के पार पहुंचा पारा
पिछले 24 घंटों के दौरान विदर्भ, मराठवाड़ा और ओडिशा के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40°C से 43°C के बीच दर्ज किया गया। इसके अलावा गुजरात, तेलंगाना, रायलसीमा, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी तापमान 37°C से 40°C के बीच रहा। महाराष्ट्र के अकोला में सबसे अधिक 43.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं मैदानी इलाकों में पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 13.0°C दर्ज किया गया।
Heatwave Alert India: तापमान में और बढ़ोतरी का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 18 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसी अवधि में मध्य भारत में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी का अनुमान है। पूर्वोत्तर के राज्यों—नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा—में भी तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़त देखने को मिल सकती है।
Heatwave Alert India: कई राज्यों में हीट वेव की चेतावनी
IMD ने 15 से 19 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिमी राजस्थान, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, उत्तरी कर्नाटक, गुजरात के तटीय क्षेत्र, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Heatwave Alert India: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा तापमान
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है। आज यहां अधिकतम तापमान 38°C से 40°C के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 3.1°C से 5.0°C अधिक हो सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 19°C से 21°C के बीच रहने की संभावना है। दोपहर के समय करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
Heatwave Alert India: पूर्वोत्तर और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट
जहां एक तरफ देश के अधिकांश हिस्से गर्मी से जूझ रहे हैं, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 24 घंटों में नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
इसके अलावा 15 से 18 अप्रैल के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।





