Harela Festival : उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकपर्व हरेला का पर्व उत्तरकाशी जिले में गुरुवार को पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग और स्कूली बच्चों की सहभागिता ने पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया।

Harela Festival : ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
जिला मुख्यालय के समीप नाल्ड कक्ष संख्या-01 (चींवा) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, वन विभाग के अधिकारी डीपी बलूनी और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पौधारोपण किया। इसके साथ ही जिले में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ हुआ।
Harela Festival : स्कूली बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
हरेला पर्व के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन से जुड़े विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
Harela Festival : विधायक सुरेश चौहान ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से “हर गांव का यही पैगाम–एक पेड़ मां के नाम” अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
Harela Festival : जिलाधिकारी बोले- हरेला प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का पर्व
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति और मानव के गहरे संबंध का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
Harela Festival : जिलेभर में चलेगा विशेष वृक्षारोपण अभियान
इस वर्ष हरेला पर्व “हर गांव का यही पैगाम–एक पेड़ मां के नाम” थीम के साथ मनाया जा रहा है। इसी के तहत उत्तरकाशी जिले में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान शुरू किया गया है, जिसमें प्रशासन, वन विभाग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आम नागरिक मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान दे रहे हैं।
read more : Gold Silver Price Today : सोना-चांदी हुआ सस्ता, जानें आज का लेटेस्ट रेट और गिरावट की बड़ी वजह

