ग्वालियर में औषधि विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। सिटी सेंटर और हुरावली क्षेत्र की प्रमुख दवा दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सर्दी-खांसी के सिरप के रिकॉर्ड मांगे गए और कुछ दुकानों को अनियमितताओं के लिए नोटिस जारी किए गए। विभाग ने साफ किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर औषधि निरीक्षक अनुभूति शर्मा ने शनिवार को ग्वालियर के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। इसमें शामिल थे सचिन तेंदुलकर मार्ग स्थित गणेश मेडिकल स्टोर्स, कल्पना मेडिकल स्टोर्स, हुरावली रोड स्थित शिव मेडिकल स्टोर्स और पटेल नगर स्थित तस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड तथा ओम एंटरप्राइजेज़।
निरीक्षण में मुख्य रूप से ड्रग सेल लाइसेंस की वैधता, एक्सपायर्ड दवाओं का प्रबंधन और प्रतिबंधित दवाओं की उपलब्धता पर ध्यान केंद्रित किया गया। हालांकि, निरीक्षण में किसी भी मेडिकल स्टोर पर कोल्ड्रिफ सिरप या अन्य प्रतिबंधित दवाओं का स्टॉक नहीं पाया गया।
दुकान संचालकों से सर्दी-खांसी के सिरप के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड पेश करने को कहा गया। गणेश मेडिकल स्टोर्स को रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के लिए दो दिन का समय दिया गया। वहीं, कल्पना और शिव मेडिकल स्टोर्स पर पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति और दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड का उचित रखरखाव न होने के कारण नोटिस जारी किए गए।
तस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के संचालक को भी चिह्नित दवाओं के रिकॉर्ड कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए दो दिन का समय दिया गया। दुकानों द्वारा प्रस्तुत जवाब और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग का कहना:
औषधि विभाग ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण की यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि दवाओं की सुरक्षा और लोगों का स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके।





