रिपोर्ट: सुनील कुमार, बलरामपुर
बलरामपुर, 24 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका आज बलरामपुर के दौरे पर पहुंचे, जहां उनका संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में गरिमामय स्वागत किया गया। राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यपाल डेका ने शासकीय योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न लाभार्थियों को सामग्री वितरित की। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। ग्राम पंचायत महाराजगंज, बकराड़ी, डोरा और कपिलदेवपुर के लाभार्थी इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु स्व सहायता समूहों को भी प्रोत्साहित किया गया। चकरी निधि बैंक लिंकेज योजना के तहत कुल 68 लाख 70 हजार रुपए की राशि का वितरण स्व सहायता समूह की महिलाओं के मध्य किया गया। इस राशि के माध्यम से महिलाएं अपने उद्यम को आगे बढ़ा सकेंगी।
राज्यपाल रमेन डेका ने इस अवसर पर कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की भी सराहना की और अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।





