रिपोर्ट- नेमीचंद बंजारे
गरियाबंद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका में पदस्थ सब इंजीनियर संजय मोटवानी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी सूत्रों के अनुसार, सब इंजीनियर मोटवानी ने ठेकेदार अजय गायकवाड़ से कार्य संबंधी फाइलों के निपटान के एवज में 1 लाख रुपये की मांग की थी। इसकी पहली किस्त के रूप में 30 हजार रुपये तय किए गए थे। शिकायत मिलने पर ACB ने जाल बिछाया और साई गार्डन के पास सब इंजीनियर को ठेकेदार से घूस की रकम लेते ही दबोच लिया। रकम उनकी गाड़ी की डिक्की से बरामद की गई है, जिसमें ठेकेदार द्वारा रखवाए गए पैसे मिले।

एसीबी टीम आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी के बाद नगर पालिका में हड़कंप मच गया है।




