BY: Yoganand Shrivastva
काठमांडू: हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। नेपाल में जारी भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच तख्तापलट की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली देश छोड़कर दुबई जाने की तैयारी में हैं और उनके लिए एक प्राइवेट विमान भी तैयार रखा गया है।
पीएम आवास में आगजनी, मंत्रियों पर भी खतरा
मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने भक्तपुर स्थित प्रधानमंत्री ओली के निजी आवास में आग लगा दी। फिलहाल वे बलवतार स्थित आधिकारिक आवास में मौजूद हैं। कई मंत्रियों के घरों के पास भी हेलिकॉप्टर देखे गए हैं, जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि अन्य मंत्री भी नेपाल छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
डिप्टी पीएम को मिली कमान
बढ़ते संकट को देखते हुए पीएम ओली ने देश की जिम्मेदारी डिप्टी प्रधानमंत्री को सौंप दी है। प्रदर्शनकारी सरकार को हटाकर अंतरिम सरकार के गठन की मांग कर रहे हैं।
राष्ट्रपति आवास पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा
काठमांडू में हिंसा चरम पर पहुंच गई है। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति के निजी आवास तक पहुंच गए हैं और वहां तोड़फोड़ की गई है। राजधानी समेत कई इलाकों में आगजनी और पथराव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
आंदोलन की शुरुआत और हिंसा
सोमवार को सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध और भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शन शुरू हुआ था। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हैं। इसके बाद प्रदर्शन और हिंसक हो गया और अब यह देशभर में फैल चुका है।





