Digital Arrest Cyber Fraud: भिण्ड में रिटायर्ड शिक्षक से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 29.50 लाख की ठगी, मामला दर्ज

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
CG

Report by: Girraj Bohre, Edit by: Priyanshi Soni

Digital Arrest Cyber Fraud: भिण्ड शहर में साइबर ठगों द्वारा एक रिटायर्ड शिक्षक को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 29 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Digital Arrest Cyber Fraud: आरोपी ने खुद को बताया सरकारी अधिकारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मीरा कॉलोनी निवासी रिटायर्ड शिक्षक प्रेम सिंह कुशवाह के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को साइबर क्राइम विभाग या कानून प्रवर्तन एजेंसी का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम से संदिग्ध लेनदेन हुआ है और वे एक गंभीर अपराध में फंसे हुए हैं।

इसके बाद ठगों ने वीडियो कॉल के जरिए उन्हें डराया-धमकाया और जांच पूरी होने तक घर से बाहर न निकलने तथा किसी से संपर्क न करने की हिदायत दी। ठगों ने इस पूरी प्रक्रिया को “डिजिटल अरेस्ट” बताया, जिससे पीड़ित पूरी तरह भयभीत हो गया।

Digital Arrest Cyber Fraud: डर के कारण आरोपी को दे दिए पैसे

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर साइबर ठगों ने रिटायर्ड शिक्षक से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। भय के चलते प्रेम सिंह कुशवाह ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी समेत कुल 29 लाख 50 हजार रुपए विभिन्न खातों में भेज दिए।

Digital Arrest Cyber Fraud

बाद में जब उन्होंने परिजनों से इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की, तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने शहर कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

Digital Arrest Cyber Fraud: पुलिस ने मामला किया दर्ज

शहर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बैंक खातों, कॉल डिटेल्स व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या खुद को अधिकारी बताने वाले व्यक्ति के दबाव में आकर कोई भी जानकारी या पैसा साझा न करें और तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

यह खबर भी पढ़ें: Gwalior Cyber Fraud Case: ग्वालियर में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, चीन-नाइजीरिया से जुड़े दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार