Edit by: Priyanshi Soni
Chhattisgarh ED action: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने सौम्या चौरसिया और निखिल चंद्राकर से जुड़ी कुल 8 संपत्तियों को कुर्क किया है। कुर्क की गई संपत्तियों में जमीन और फ्लैट शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 करोड़ 66 लाख रुपये बताई जा रही है।
Chhattisgarh ED action: अवैध कोल लेवी की रकम से संपत्ति खरीदने का आरोप
ईडी की जांच में सामने आया है कि ये संपत्तियां अवैध कोल लेवी और वसूली से अर्जित रकम से खरीदी गई थीं। एजेंसी के मुताबिक, इन संपत्तियों को सीधे आरोपियों के नाम पर न खरीदकर उनके रिश्तेदारों के नाम पर लिया गया था, ताकि अवैध कमाई को छिपाया जा सके।

Chhattisgarh ED action: 2020 से 2022 तक प्रति टन 25 रुपये की अवैध वसूली
ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन और कारोबार से जुड़े लोगों से प्रति टन 25 रुपये की अवैध वसूली की जाती थी। इस अवैध लेवी के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये की काली कमाई का अनुमान लगाया गया है।
Chhattisgarh ED action: अब तक 273 करोड़ की संपत्तियां कर चुकी है ईडी अटैच
कोल लेवी घोटाले में अब तक ईडी कुल 273 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अटैच कर चुकी है। मामले में अब तक 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 35 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
ईडी की जांच जारी, आगे और कार्रवाई के संकेत
ईडी ने स्पष्ट किया है कि कोल लेवी घोटाले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है। एजेंसी अवैध वसूली से जुड़े पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है।
यह खबर भी पढ़ें: Mahasamund gas cylinder fire: गैस सिलेंडरों से भरी पिकअप में लगी आग, धमाके से मची अफरा-तफरी





