Reporter: Avinash Chandra, Edit By: Mohit Jain
Chandighughra Waterfall: एमसीबी जिले के खड़गवां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़ांगी में स्थित चंडीघुघरा जलप्रपात प्राकृतिक सुंदरता, आस्था और पर्यटन का अद्भुत संगम है। ऊंचाई से गिरता झरना, हरियाली से घिरी वादियां और माता चंडीघुघरा का धार्मिक स्वरूप यहां आने वाले हर व्यक्ति को अपनी ओर स्वतः आकर्षित कर लेता है।
Chandighughra Waterfall: अब तक उपेक्षा का शिकार
इतनी विशेषताओं के बावजूद चंडीघुघरा अब तक शासन-प्रशासन और पर्यटन विभाग की उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। ग्राम पंचायत कोड़ांगी में स्थित यह अनुपम प्राकृतिक धरोहर आज भी बुनियादी सुविधाओं और प्रचार-प्रसार के अभाव में अपनी पहचान नहीं बना पाई है।

नवरात्रि में लगता है भव्य मेला
ग्राम पंचायत कोड़ांगी के सरपंच मनीष सिंह ने बताया कि चंडीघुघरा में नवरात्रि के दौरान भव्य मेले का आयोजन होता है। इसके अलावा साल भर स्थानीय लोग और आसपास के क्षेत्र से आए पर्यटक यहां प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने और पिकनिक मनाने पहुंचते हैं, लेकिन आज तक इस स्थल के समुचित विकास के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।

जनप्रतिनिधियों ने उठाई पहचान की मांग
जनपद पंचायत खड़गवां के जनपद सदस्य युगांतर श्रीवास्तव ने अपने स्तर पर चंडीघुघरा को नई पहचान दिलाने की पहल शुरू की है। उन्होंने जिला कलेक्टर और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से भी आग्रह किया है कि इस धार्मिक और प्राकृतिक स्थल के विकास के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि यह स्थान पर्यटन मानचित्र पर अपनी जगह बना सके।

यह खबर भी पढ़ें: CG News 27-01-2026: जानें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें
Chandighughra Waterfall: अब टिकी हैं सबकी निगाहें
अब देखने वाली बात यह होगी कि एमसीबी जिले के खड़गवां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़ांगी में स्थित चंडीघुघरा जैसे प्रकृति और आस्था के अद्भुत संगम को पहचान दिलाने के लिए शासन-प्रशासन कब तक सार्थक पहल करता है।






