रिपोर्ट- संजीव कुमार
बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बाँधडीह में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने एक ट्रैक्टर चालक को गोलियों से छलनी कर दिया। घायल चालक की पहचान लगभग 35 वर्षीय जादू हरि के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार गोली मारकर फरार हुए बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक जादू हरि अपने काम में व्यस्त था। इसी दौरान बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं और मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेज़ी से हुई कि लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही अपराधी फरार हो गए।
इलाके में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग डर और सन्नाटे में हैं, वहीं आसपास के लोग घायल को तुरंत अस्पताल ले गए।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
घटना के बाद भी मौके पर पुलिस के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है और पुलिस की निष्क्रियता चिंता का विषय है।
जांच जारी
फिलहाल घायल जादू हरि का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है। वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू किया जाएगा।





