Isa Ahmad
बस्ती। दीपावली की रात जहां एक ओर लोग खुशियों और रोशनी का पर्व मना रहे थे, वहीं बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बगही गांव में पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल पर ईंट-पत्थरों की बारिश से गांव के कई घरों की खिड़कियां और दरवाजे तक टूट गए।
सूचना पर लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामला इतना गर्म था कि एक थाने की पुलिस के बस से बाहर हो गया। स्थिति को काबू में करने के लिए चार थानों की पुलिस फोर्स को बुलाया गया। पुलिस के कई घंटे के प्रयासों के बाद जाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
सुबह तक बिखरे रहे ईंट के टुकड़े
घटना स्थल पर सुबह तक ईंटों और टूटी खिड़कियों के टुकड़े बिखरे रहे। ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती
गांव में दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।





