Bihar CM : बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और पद संभालते ही कामकाज में सक्रिय नजर आए। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद वे सचिवालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्होंने औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। कार्यभार ग्रहण करने के बाद सम्राट चौधरी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की स्थिति की समीक्षा की और साफ किया कि उनकी सरकार काम और परिणाम पर फोकस करेगी।

Bihar CM : पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
Bihar CM : शपथ के बाद दिया पहला बयान
मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने पहले दिन से ही काम शुरू कर दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के मॉडल पर तेजी से काम किया जाएगा।
Bihar CM : विपक्ष ने साधा निशाना
दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस मौके पर सरकार पर तीखा हमला बोला। तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए तंज कसते हुए कहा कि बिहार अब भी कई विकास सूचकांकों में राष्ट्रीय औसत से पीछे है।राजद ने यह भी आरोप लगाया कि नई सरकार से बड़े बदलाव की उम्मीद करना आसान नहीं होगा।
Bihar CM : प्रशासनिक स्तर पर दिखी तेजी
शपथ के तुरंत बाद ही मुख्यमंत्री कार्यालय में गतिविधियां तेज हो गईं। सम्राट चौधरी ने कुछ अहम फाइलों पर हस्ताक्षर किए और अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिहार सरकार की विभिन्न विभागीय वेबसाइटों पर भी तेजी से बदलाव करते हुए नए मुख्यमंत्री की तस्वीर अपडेट कर दी गई।बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही राजनीतिक माहौल गर्म है। जहां एक ओर सत्ता पक्ष विकास की रफ्तार तेज करने की बात कर रहा है, वहीं विपक्ष सरकार की कार्यशैली पर नजर बनाए हुए है।
READ MORE : Bhopal: अंबेडकर जयंती पर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने किए कई कार्यक्रमों में शिरकत

