रिपोर्ट: अजीत ठाकुर
Bihar सुपौल/पूर्णिया: बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्र के बड़े कारोबारी और रियल स्टेट दिग्गज संजीव मिश्रा के व्यावसायिक साम्राज्य पर मंगलवार सुबह जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। पनोरमा ग्रुप के प्रबंध निदेशक (CMD) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा के सुपौल और पूर्णिया स्थित विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
सुबह-सुबह शुरू हुई कार्रवाई, घेरे में कई संस्थान
Bihar मंगलवार की सुबह करीब 06 बजे ही जांच टीमों ने संजीव मिश्रा के आवास और कार्यालयों पर दस्तक दी। सबसे प्रमुख कार्रवाई सुपौल के छातापुर स्थित ‘पनोरमा पब्लिक स्कूल’ परिसर में देखी गई, जहाँ सुरक्षा बलों के साथ पहुँची टीम ने पूरे परिसर को अपनी निगरानी में ले लिया। वहीं, पूर्णिया स्थित पनोरमा सिटी और उनके निजी आवास पर भी अधिकारियों की आवाजाही बनी रही। अचानक हुई इस दबिश के कारण स्थानीय स्तर पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया और मीडिया को जांच स्थल से दूर रखा गया है।
ED और आयकर विभाग के रडार पर वित्तीय लेन-देन
Bihar शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले को लेकर की जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग की टीमें कंपनी के पिछले कुछ वर्षों के वित्तीय रिकॉर्ड, निवेश के स्रोतों और बड़े बैंक ट्रांजेक्शन की गहनता से जांच कर रही हैं। पनोरमा ग्रुप ने हाल के वर्षों में रियल एस्टेट और शिक्षा के क्षेत्र में बहुत तेजी से विस्तार किया है, जो अब जांच एजेंसियों की रडार पर है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
राजनीतिक और व्यावसायिक गलियारों में हलचल
Bihar संजीव मिश्रा न केवल एक प्रतिष्ठित बिल्डर हैं, बल्कि मुकेश सहनी की पार्टी (VIP) में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर होने के कारण उनका राजनीतिक रसूख भी काफी मजबूत है। यही कारण है कि इस छापेमारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस प्रशासन (SP और SDPO) ने भी इस केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई पर फिलहाल चुप्पी साध रखी है। छापेमारी की प्रक्रिया अभी जारी है और दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।





