BY
Yoganand Shrivastava
Bihar नालंदा : बिहार के नालंदा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ दहेज के लालच में एक दो माह की गर्भवती महिला को उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर जिंदा जलाकर मार डाला। इस खौफनाक वारदात के बाद से ही आरोपी परिवार घर छोड़कर फरार है।
महज 9 महीने पहले हुई थी शादी
Bihar जानकारी के अनुसार, मृतका स्तुति कुमारी की शादी करीब 9 महीने पहले थरथरी थाना क्षेत्र के मेहतरमा गांव निवासी चिंटू कुमार उर्फ मणिकांत से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के समय से ही ससुराल पक्ष सोने की चेन की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर स्तुति को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मारपीट के बाद तेल छिड़ककर लगाई आग
Bihar मृतका के मायके वालों का आरोप है कि स्तुति दो महीने की गर्भवती थी, लेकिन लालची ससुराल वालों को उस पर जरा भी तरस नहीं आया। वारदात वाले दिन पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर साक्ष्य मिटाने या जान लेने की नीयत से उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी गई। घटना की सूचना मिलते ही जब तक ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे, तब तक स्तुति की मौत हो चुकी थी और आरोपी भाग निकले थे।
पुलिस और FSL की टीम जांच में जुटी
Bihar घटना की गंभीरता को देखते हुए हिलसा डीएसपी शैलजा कुमारी ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।





