रिपोर्टर: संजू जैन
बेमेतरा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मंडल कांग्रेस कमेटी गठन की प्रक्रिया को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने मोर्चा संभाल लिया है। वे जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में लगातार बैठकें कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
गांव-गांव में बैठकें
आशीष छाबड़ा ने हाल ही में बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के सुरूजपुरा, बारगांव, कुसमी (बेरला) सहित अन्य क्षेत्रों में कांग्रेसजनों की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अबकी बार कांग्रेस कमेटी का गठन बंद कमरों में नहीं होगा, बल्कि जनता के बीच काम करने वाले लोकप्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
योग्य और जनसेवा में सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता
छाबड़ा ने कहा कि मंडल कांग्रेस कमेटी में वही कार्यकर्ता शामिल होंगे जो
- जनता की समस्याओं को समझते हों,
- जनहित की लड़ाई लड़ने में सक्षम हों,
- कांग्रेस की नीतियों को आत्मसात करते हों,
- संविधान में आस्था रखते हों और
- गरीब, किसान, दलित और पिछड़े वर्गों की आवाज उठाने में सक्रिय हों।
राहुल गांधी के आंदोलन का किया जिक्र
इस दौरान छाबड़ा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के मार्गदर्शन में और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान की शुरुआत बिहार से कर चुके हैं। उन्हें जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। इस जन आंदोलन को छत्तीसगढ़ और बेमेतरा तक पहुँचाना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
भाजपा पर सीधा निशाना
पूर्व विधायक ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र का गला घोंटकर सत्ता में बनी हुई है। आम जनता को यह बताना होगा कि किस तरह से भाजपा वोट चोरी कर लोकतंत्र का अपमान कर रही है।
आशीष छाबड़ा ने अंत में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाएं, उनकी समस्याओं को समझें और कांग्रेस की रीति-नीति के साथ मिलकर लोकतंत्र को मजबूत करने का काम करें।





