Reporter: Ravi Sen, Edit By: Mohit Jain
बांदा में ठंड के साथ रबी फसलों की बुवाई शुरू होते ही यूरिया की मांग बढ़ गई है। इसी बीच किसानों के साथ अवैध वसूली का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी में किसानों से यूरिया की बोरी पर सरकारी दर से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं।

शुक्रवार की सुबह जब किसानों की भीड़ यूरिया की पर्ची लेने के लिए कृषि मंडी पहुंची, तो कई किसानों ने बताया कि 266 रुपए 50 पैसे की सरकारी दर के बावजूद उनसे 270 रुपए प्रति बोरी लिए जा रहे हैं। यानी हर बोरी पर 3 रुपए 50 पैसे अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि जो किसान सवाल करता है, उसे खुल्ले पैसे लाने के बहाने लौटा दिया जाता है। एक किसान ने बताया कि उसने चार बोरी यूरिया खरीदी, जिसका कुल मूल्य 1066 रुपए होना चाहिए था, लेकिन उससे 1080 रुपए वसूले गए।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध वसूली की जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसानों का शोषण न हो।





