विभाग को मिलेगा नोटिस
बलरामपुर जनपद में राष्ट्रीय राजमार्ग 343 (NH 343) की बदहाल स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। अम्बिकापुर से रामानुजगंज तक फैले इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे राहगीरों को यात्रा करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स के बाद बलरामपुर के एसडीएम ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि NH विभाग के संबंधित कर्मचारियों को जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा। विभाग की लापरवाही के कारण हाईवे की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है, जबकि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया।
प्रशासन का कहना है कि एनएच विभाग गड्ढों को भरने और सड़क की मरम्मत कराने में पूरी तरह विफल रहा है। जिससे यह सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन रही है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन की सख्ती के बाद एनएच विभाग कब तक इस मुद्दे पर कार्रवाई करता है और राहगीरों को राहत कब तक मिलती है। फिलहाल, लोगों को सावधानीपूर्वक इस मार्ग पर यात्रा करने की सलाह दी गई है।





