रिपोर्टर: विशाल कुमरावत
बड़वाह में महेश्वर रोड की बदहाल हालत एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे ड्रीमलैंड कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय शिवम यादव गड्ढों की वजह से फिसलकर सड़क पर गिर गया। तभी एक आयशर वाहन का पिछला पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद उबाल

दुर्घटना के बाद सड़क पर खून फैल गया और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों ने शव को अस्पताल पहुंचाने के बाद महेश्वर रोड पर चक्काजाम कर दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
आक्रोशित भीड़ ने:
- प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया
- सांकेतिक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग उठाई।
पहले भी हो चुके विरोध
महेश्वर रोड की जर्जर हालत कोई नई बात नहीं है। स्थानीय लोग पहले भी कई बार सड़क की मरम्मत को लेकर विरोध जता चुके हैं।
- पिछले साल बड़े विरोध के बाद एमपीआरडीसी ने डामरीकरण कराया था।
- कुछ दिन पहले हुए चक्काजाम के बाद केवल मुरम डालकर काम निपटाया गया।
लोगों का कहना है कि टोल वसूली लगातार हो रही है, फिर भी सड़क सुधार के लिए बारिश खत्म होने का इंतजार क्यों किया जा रहा है।
प्रशासन की मौजूदगी
स्थिति बिगड़ते देख थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार शिवराम कनासे भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। लोगों की मांग है कि मुआवजे के साथ-साथ एमपीआरडीसी के जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत बुलाया जाए।





