Report by: Neha Gupta, Edit by: Priyanshi Soni
Arrah Bihar: आरा-पटना नेशनल हाईवे पर कोईलवर थाना क्षेत्र के सिक्स लेन पुल पर रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार डंपर और ऑटो की आमने-सामने की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में ऑटो चालक समेत दो बच्चों सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Arrah Bihar: घायलों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
Arrah Bihar: मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक मृतकों में आरा टाउन थाना क्षेत्र के मिल्की मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय ऑटो चालक मोहम्मद गुड्डू, मछुआ टोली निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद इम्तेयाज उर्फ बुलेट, वलीगंज मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद शाहिद और दो बच्चे शामिल हैं। वहीं घायलों में एक महिला सहित तीन लोग शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
Arrah Bihar: उर्स से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सभी लोग शुक्रवार को मनेर थाना क्षेत्र के मनेर दरगाह में आयोजित उर्स में शामिल होने गए थे। रविवार देर रात वे ऑटो से वापस आरा लौट रहे थे। इसी दौरान कोईलवर के सिक्स लेन पुल पर डंपर से उनकी टक्कर हो गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
Read also: Saharsa News: ईंट भट्ठे के पास से 5 राष्ट्रीय पक्षी मोर का रेस्क्यू, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई





