BY: Yoganand Shrivastva
वॉशिंगटन/नॉर्थ कैरोलिना/न्यूजर्सी – अमेरिका में दो अलग-अलग घटनाओं ने हवाई सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। एक तरफ नॉर्थ कैरोलिना में उड़ान के दौरान एक विमान का पंख हवा में ही टूटकर नीचे गिर गया, तो दूसरी तरफ न्यूजर्सी में स्काईडाइविंग के लिए उपयोग किया जाने वाला एक विमान रनवे पार कर जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 15 लोग घायल हो गए हैं।
हजारों फीट की ऊंचाई पर टूटा पंख, सड़क पर गिरा
नॉर्थ कैरोलिना में यह हादसा उस समय हुआ जब एक यात्री विमान हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। जानकारी के मुताबिक उड़ान के दौरान विमान का एक हिस्सा—संभवत: पंख या उसका कोई भाग—टूटकर नीचे सड़क पर गिर गया। राहत की बात ये रही कि यह टुकड़ा किसी वाहन या राहगीर पर नहीं गिरा, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, विमान बाद में सुरक्षित लैंड कर गया। पायलट और यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ।
न्यूजर्सी में स्काईडाइविंग विमान हादसे का शिकार
दूसरी घटना बुधवार शाम न्यूजर्सी के क्रॉस कीज हवाई अड्डे पर हुई। स्काईडाइविंग के लिए इस्तेमाल होने वाला एक ‘सेसना 208बी’ विमान रनवे पार कर जंगल में जा गिरा। यह विमान उस समय उड़ान भरने की तैयारी में था, जिसमें 15 लोग सवार थे।
संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने पुष्टि की है कि यह दुर्घटना फिलाडेल्फिया से लगभग 34 किलोमीटर दूर घटी। फिलहाल घटना के कारणों की जांच चल रही है। घटनास्थल की तस्वीरों में क्षतिग्रस्त विमान को जंगल में देखा जा सकता है, जहां दमकल और राहत दल सक्रिय रूप से मौजूद थे।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
कैमडन स्थित कूपर यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल की प्रवक्ता वेंडी ए. मारानो ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए 15 लोगों में से तीन की हालत गंभीर है और उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। आठ लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज इमरजेंसी विभाग में चल रहा है। शेष चार को मामूली चोटें लगी हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी जा सकती है।
जांच जारी, FAA ने शुरू की कार्रवाई
दोनों घटनाओं ने हवाई यात्रा की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। नॉर्थ कैरोलिना की घटना में विमान के पुर्जे के हवा में टूटने जैसी गंभीर तकनीकी खामी सामने आई है, वहीं न्यूजर्सी का हादसा रनवे सुरक्षा और विमान संचालन को लेकर चेतावनी का संकेत है। FAA और अन्य एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।





